Home / Patient guides / Knee
घुटना · 4 मिनट
सीढ़ियां चढ़ते समय घुटने में दर्द — कब यह गठिया है?
डॉ. सोभराज चंदानी, MBBS, MS (ऑर्थो) · हड्डी एवं जोड़ प्रत्यारोपण विशेषज्ञ, न्यू कोरबा हॉस्पिटल · पंजीकरण सं. CGMC/2428/2009 · अपडेट: नवंबर 2026
In short (English): Knee pain on stairs is often an early sign of knee osteoarthritis, but it can also come from the kneecap or weak thigh muscles. Strengthening exercises and weight control help most people. See a doctor if pain lasts more than a few weeks, the knee swells, or it affects sleep or walking.
सीढ़ियों पर ही दर्द क्यों होता है?
सीढ़ियां चढ़ते और खासकर उतरते समय घुटने पर शरीर के वज़न से कई गुना ज़्यादा भार पड़ता है। अगर जोड़ की चिकनी परत (कार्टिलेज) घिसने लगी हो या जांघ की मांसपेशियां कमज़ोर हों, तो यही भार दर्द के रूप में महसूस होता है।
इसके आम कारण
- घुटने का गठिया (ऑस्टियोआर्थराइटिस) — 45 वर्ष के बाद सबसे आम कारण। सुबह कुछ मिनट की जकड़न, चलने की शुरुआत में दर्द, और कभी-कभी घुटने में “कट-कट” की आवाज़।
- घुटने की कटोरी (पटेला) के पीछे दर्द — युवाओं में अधिक; देर तक बैठने के बाद उठने पर या सीढ़ी उतरते समय।
- जांघ की मांसपेशियों की कमज़ोरी — कम चलना-फिरना या लंबे समय तक बैठे रहना।
- पुरानी चोट — लिगामेंट या मेनिस्कस की चोट जिसका पूरा इलाज न हुआ हो।
घर पर क्या करें
- रोज़ जांघ को मज़बूत करने के आसान व्यायाम करें, जैसे लेटकर सीधा पैर ऊपर उठाना। फिजियोथेरेपिस्ट से सही तरीका सीख लें।
- वज़न कम करें — हर किलो कम होने से घुटने पर भार घटता है।
- सीढ़ी पर रेलिंग पकड़ें; चढ़ते समय पहले अच्छा पैर, उतरते समय पहले दर्द वाला पैर रखें।
- ज़्यादा देर पालथी मारकर या उकड़ूं बैठने से बचें।
- दर्द की दवा केवल डॉक्टर की सलाह से लें। लंबे समय तक बिना सलाह दर्द-निवारक लेने से पेट और किडनी पर असर पड़ सकता है।
डॉक्टर को कब दिखाएं
- दर्द 3–4 हफ्ते से ज़्यादा बना रहे
- घुटने में बार-बार सूजन आए या वह गर्म और लाल हो
- घुटना अचानक “बैठ” जाए या अटक जाए
- दर्द के कारण रात में नींद टूटे या चलना कम हो जाए
- पैर धीरे-धीरे टेढ़े (धनुषाकार) होते दिखें
क्या हर गठिया में ऑपरेशन ज़रूरी है?
नहीं। गठिया के अधिकतर मरीज़ व्यायाम, वज़न नियंत्रण और सही दवाओं से वर्षों तक अच्छा जीवन जीते हैं। घुटना प्रत्यारोपण पर तभी विचार किया जाता है जब इन सबके बावजूद दर्द रोज़मर्रा के काम रोकने लगे और एक्स-रे में जोड़ ज़्यादा घिस चुका हो।
घुटना प्रत्यारोपण के बारे में और पढ़ें →
यह जानकारी केवल सामान्य जागरूकता के लिए है और डॉक्टर की सलाह का विकल्प नहीं है। This guide is for general information only.
अपॉइंटमेंट लें